कालाअंब (सिरमौर)। हरियाणा राज्य की सीमा से सटी सिरमौर की औद्योगिक नगरी कालाअंब से कानपुर भेजा गया एलपीजी सिलिंडरों से लदा एक ट्रक रास्ते से गायब हो गया है। इस पर कंपनी की ओर से कालाअंब पुलिस थाने में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। कालाअंब पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने ट्रक के मेरठ में होने की आशंका जताई है। पुलिस ने मेरठ में ट्रक की पहचान की है। जानकारी के मुताबिक कालाअंब में सिलिंडर बनाने वाली एक फैक्टरी ने किराये पर लिए ट्रक में 16 जुलाई को 1100 सिलिंडर लोड कर कानपुर भेजे गए थे, लेकिन अभी तक ट्रक से डिलीवरी नहीं हो पाई है। ट्रक चालक से कोई संपर्क न होने के चलते कंपनी के एचआर मैनेजर ने पुलिस थाना कालाअंब में केस दर्ज करवाया है। पुलिस को सौंपी शिकायत में सिलिंडर बनाने वाली कृष्णा पैकेजिंग कंपनी के एचआर मैनेजर नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि 16 जुलाई को दिपांशु गुड्स कॅरिअर के मालिक अजय से गाड़ी नंबर यूपी21बीएन-1644 किराये पर मंगवाई थी, जिसमें 17 लाख रुपये की कीमत के 1100 सिलिंडर कानपुर के लिए भेजे गए थे। शिकायत में बताया गया है कि आज तक ट्रक चालक आजम खान डिलीवरी लेकर नहीं पहुंचा है। चालक का फोन भी स्विच ऑफ है। आरोप है कि चालक ने ट्रक को गायब कर दिया है। इस पर कालाअंब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एएसपी सिरमौर वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक को मेरठ में पहचान लिया है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस मेरठ के लिए रवाना हो चुकी है। जल्द आरोपी को हिरासत में लिया जाएगा।