ददाहू (सिरमौर)। रेणुका बांध परियोजना के निर्माण से विस्थापित मौजा मलाहन ट्यूरी व बानाकोटि के भू-मालिकों को मंगलवार को मुआवजे का भुगतान किया गया। आठवें चरण में करीब 76 भू-मालिकों को करीब 9 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई। इसमें सर्वाधिक 1 करोड़ 15 लाख 86 हजार 607 रुपये की राशि का चेक इसी गांव के सुंदर सिंह को दिया गया। भू-अर्जन अधिकारी शिमला संजीव शर्मा ने विस्थापितों को मुआवजा राशि के चेक अदा किए। मौजा मलाहन ट्यूरी की 540 व बानोकोटि की 68 बीघा निजी भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इस मुआवजे की आस विस्थापित लंबे अर्से से लगाए बैठे थे। मौजा बानाकोटि व मलाहन ट्यूरी के 608 बीघा भूमि के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जाना है। अब कुछ गांव के विस्थापितों को ही मुआवजा अदा किया जाना शेष रह गया है। भू-अर्जन अधिकारी शिमला संजीव शर्मा ने बताया कि पांच व छह जुलाई को भी इसी मौजे के विस्थापितों को मुआवजा अदा किया जाएगा। इस मौके पर कार्यालय अधीक्षक नानकचंद, नायब तहसीलदार ओमप्रकाश, प्रेमचंद, कानूनगो संतराम व प्रेम सिंह सहित रेणुका बांध परियोजना से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी सहित सैकड़ों विस्थापित मौजूद रहे।