कोलर में पीएचसी भवन की आधारशिला रखते स्वास्थ्य मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा है कि प्रदेश के अस्पताल बिना चिकित्सक के नहीं रहेंगे। हर पीएचसी में चिकित्सक और पैरा मेडिकल स्टाफ तैनात किया जाएगा। कोलर और सुरला में पीएचसी भवन का शिलान्यास करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने नाहन मेडिकल कॉलेज में अमृत फार्मेसी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके उपरांत विधानसभा अध्यक्ष और स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद मंत्री ने मेडिकल कॉलेज में चौथे ऑपरेशन थियेटर का भी उद्घाटन किया। इस पर 70 लाख की राशि खर्च की गई है। उन्होंने कॉलेज का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं में सुधार एवं विस्तार के बारे भी चर्चा की। डॉ. परमार ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए करीब 260 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का कार्य प्रगति पर है। ऐसा नहीं है कि हमने तमाम कमियां दूर कर दी हैं लेकिन, कमियां दूर करने को सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में नई मशीनरियां खरीदने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज सिरमौर के लोगों का है। कार्य शुरू करते समय या शुरू करने के बाद कुछ कमियां अक्सर रहती हैं। उन्होंने मीडिया से भी इस सिलसिले में सहयोग की अपील की। कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से गत आठ माह के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 300 चिकित्सक नियुक्त किए गए जबकि दो सौ चिकित्सक भरने की मंत्रिमंडल ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके अतिरिक्त 732 स्टॉफ नर्स, 250 फार्मासिस्ट, रेडियोग्राफर और लैब सहायक के पदों को शीघ्र भरा जा रहा है। प्रदेश सरकार शीघ्र स्वास्थ्य राहत योजना आरंभ कर रही है। इसके लिए बजट में 12 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत निर्धन परिवारों को इलाज के लिए तुरंत आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना शीघ्र आरंभ की जा रही है। इसके तहत महिला को प्रसूति के उपरांत एक किट प्रदान की जाएगी जिसमें शिशु के लिए सभी आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया जाएगा।