नाहन (सिरमौर)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि सिरमौर जिले में इस बरसात में दो लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। दस जुलाई को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिरमौर में वन महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। जिले की कुल 523 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण होगा। अकेले नाहन विधानसभा क्षेत्र में 135 हेक्टेयर भूमि पर 67 हजार पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए दस सेक्टर बनाए गए हैं। यह जानकारी विस अध्यक्ष ने नाहन में पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों के लिए सौगात दी है। किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में समर्थन मूल्यों में भारी बढ़ोतरी सराहनीय है। मोदी सरकार ने समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी कर किसानों को राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कई अहम फैसले लिए हैं। समर्थन मूल्य अक्सर 10 से 50 रुपये तक ही बढ़ा है, जबकि इस बार कई गुना बढ़ोतरी हुई है। हिमाचल प्रदेश में मक्की उत्पादनों को इससे फायदा होगा। वहीं, धान और दालों की खेती करने वाले किसान भी लाभान्वित होंगे। इससे पहले उन्होंने बचत भवन में वन महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि वनीकरण कार्यक्रम को एक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा और लोगों को खाली पड़ी सरकारी एवं निजी भूमि में पौधरोपण करने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि जिले में भौगोलिक स्थिति और जलवायु के आधार पर पौधों का रोपण किया जाए और विशेष प्राथमिकता औषधियों पौधों को दी जाए। इस अवसर पर वन अरण्यपाल बीसी नेगी, वन मंडलाधिकारी नाहन पी वैंकेटेशन, डीएफओ मुख्यालय प्रदीप शर्मा और डीएफओ पांवटा साहिब सागर सिंह राणा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।