नाहन (सिरमौर)। सैनधार इलाके की दीद बगड़ पंचायत के जाइंचा मझाई में मजदूरी कर रहे एक नेपाली मूल के युवक का बीमारी से निधन हो गया। अभी तक नेपाली मूल के युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। लिहाजा, पुलिस ने पोस्टमार्टम रूम में शव सुरक्षित रखा है। जानकारी के अनुसार जाइंचा मझाई में पिछले पांच सात दिन से नेपाली मूल का युवक मजदूरी के लिए गया था। युवक का नाम दिनेश बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार नेपाली मूल का युवक बलबीर सिंह के घर पर काम करते समय बीमार हो गया। इसके बाद बलबीर उसे सिविल अस्पताल ददाहू लाया। यहां से उसे नाहन के लिए रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज नाहन में नेपाली व्यक्ति का निधन हो गया। मृतक के ठिकाने का पता न चलने की वजह से शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार मृतक की बाजू में पुराना फ्रैक्चर है। उम्र भी 35 से 40 साल के बीच मानी जा रही है। यदि मृतक का कोई परिचित शव लेने पहुंचता है तो अंतिम संस्कार को सौंपा जाएगा। मामले की पुष्टि एएसपी सिरमौर वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने की है।