ईवीएम की जगह बैलेट पेपर पर हो चुनाव : मुसाफिर
कहा- ईवीएम में छेड़छाड़ से सत्तासीन हो रही भाजपा
अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जो माहौल बन रहा है, उसे देखते हुए भाजपा बौखलाहट में है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भारत सरकार अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करे। प्रेस को जारी बयान में गंगूराम मुसाफिर ने कहा कि चुनाव आयोग और केंद्र सरकार ईवीएम की जगह पर बैलेट पेपर से वोटिंग कराए। उन्होंने कहा कि ईवीएम में हो रही छेड़छाड़ के कारण कई राज्यों में भाजपा का सरकार सत्तासीन हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ईवीएम के दम पर ही अपनी लाज बचा सकती है। यदि चुनाव आयोग बैलेट पेपर के माध्यम से चुनाव कराए तो भाजपा को अपनी जमीनी हकीकत का पता चल जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार से लोगों का मोह भंग हो गया है। इसलिए भाजपा नए-नए हथकंडे अपना रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी बहुमत मिलेगा। राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि आज देश का हर एक नागरिक और हर एक वर्ग राहुल गांधी को प्रधानमंत्री देखना चाहता है। बीते पांच वर्ष में देश का विकास पूरी तरह से ठप पड़ गया है। इससे देश की जनता कांग्रेस को पूर्ण बहुमत में लाकर राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना चाहती है।