हाटी मुद्दे पर केंद्र-राज्य सरकारों से मिल रहा सहयोग : डॉ. अमीचंद
पांवटा के बातामंडी में हुई केंद्रीय हाटी समिति की विशेष बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमीचंद और महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री ने कहा कि आरजीआई की आपत्तियों को दूर किया जा सकता है। ऐसे में सोशल मीडिया के माध्यम से हाटी मुद्दे की फाइल निरस्त करने की भ्रामक बातों पर विश्वास न करें। केंद्रीय गृहमंत्री, प्रदेश के सीएम, सांसद समेत प्रतिनिधि इस मुद्दे पर सकारात्मक रुख अपना रहे हैं। गिरिपार क्षेत्र की 132 पंचायतों के करीब ढाई लाख लोगों की हक की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचने की पूरी उम्मीदें हैं। पांवटा के बातामंडी में हुई हाटी समुदाय की बैठक में केंद्रीय समिति अध्यक्ष ने पिछले तीन माह की गतिविधियों के बारे में रिपोर्ट रखी। उन्होंने कहा कि इथनोग्राफिक रिसर्वे के बारे प्रदेश सरकार से जवाब केंद्र को भेज दिया गया है। केंद्रीय समितियों के साथ सीएम, सांसद और प्रदेश के मुख्य सचिव का उच्च अधिकारियों से निरंतर संपर्क बना हुआ है। आरजीआई ने जो सर्वे रिपोर्ट में खामियां या आपत्ति बताई थी, उसका प्रदेश सरकार की तरफ से जवाब दिया गया है। सांसद वीरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में गृह मंत्री से बैठक काफी सकारात्मक रही है। केंद्रीय हाटी समिति के संस्थापक सदस्य प्रो. अमर सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र हिंदुस्तानी, आरपी तिवारी और जीएस नेगी ने कहा कि सैद्धांतिक स्तर पर हाटी का मुद्दा मजबूत हुआ है। इस मौके पर पदाधिकारियों ने देश के गृहमंत्री से मुलाकात, शुरू से अब तक की प्रक्रियाएं, दिक्कतों, जरूरी मापदंडों, लोकूर कमेटी की रिपोर्ट, प्रदेश कैबिनेट, आरजीआई और नेशनल कमीशन समेत विभिन्न नोडल एजेंसियों के पैरामीटर से होकर गुजरने वाली फाइल के पूरे प्रोसेस के बारे में बताया गया। है। वक्ताओं ने कहा कि पहले हमेशा गिरिपार के मुद्दे को डोडराक्वार और अन्य फाइलों के साथ भेजते थे। अब अच्छी बात यह है कि अब अलग से हाटी की फाइल गई है। गिरिपार क्षेत्र की सभी 132 पंचायत से ग्राम सभा में पारित करवा कर प्रस्ताव एकत्र किए जा रहे हैं। अभी तक 51 पंचायत से प्रस्ताव मिल चुके हैं। बैठक में फैसला लिया गया है कि हाटी सीमित में सक्रिय महिला सदस्यों को भी जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर प्रो. अमर सिंह चौहान, कर्नल जगत सिंह चौहान, कर्नल नरेश चौहान, अतर सिंह नेगी, रामलाल शर्मा, रणसिंह चौहान, जीएस नेगी, विरिंद्र शर्मा, आत्माराम शर्मा, शिवानंद शर्मा, रमेश नेगी, जीएस नेगी, विरेंद्र शर्मा, धनबीर ठाकुर, मनोज कुमार, जियालाल, बीर सिंह, विजय भारद्वाज, यशवंत सिंह नेगी, दलीप सिंह, लायक सिंह व मोही राम शर्मा समेत केंद्रीय हाटी समिति के सदस्य मौजूद रहे।