कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में टोल टैक्स बैरियर से कुछ ही दूरी पर मारकंडा नदी के किनारे बने मैदान से एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अधेड़ का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा है। हालांकि, अभी व्यक्ति की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इसका खुलासा होगा। जानकारी के अनुसार मृतक की शिनाख्त बलविंदर सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह, उम्र 55 वर्ष, निवासी इब्राहिमपुरा, डेराबस्सी (पंजाब) के रूप में हुई है। कालाअंब पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और उसके परिजनों को सूचित किया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल पहुंचाया। प्राथमिक जांच में मौत का कारण शराब का अत्यधिक सेवन माना जा रहा है। कालाअंब थाना प्रभारी संजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का स्पष्ट पता चल पाएगा।