सराहां में सड़क पर पैच वर्क करते लोनिवि के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
सराहां (सिरमौर)। एक माह के भीतर उखड़ी नई टारिंग पर लोक निर्माण विभाग ने मरहम लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। अमर उजाला में 31 जुलाई के अंक में एक माह में ही उखड़ गई सड़क, पीडब्ल्यूडी पर सवाल शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद बुधवार को ही विभाग ने हरकत में आकर अपने कर्मी मौके पर भेजे और आनन-फानन में पैच लगाने का कार्य आरंभ कर दिया है। हालांकि, नई टारिंग के एक माह में ही उखड़ने से सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। एक महीने पहले सराहां नए बस स्टैंड से विश्राम गृह और सराहां बाजार की तरफ की सड़क पक्की की गई थी। इसके अलावा बाईपास से पुराने बस स्टैंड की तरफ सड़क पर भी टारिंग की गई थी लेकिन, कुछ ही समय में तारकोल से बजरी अलग हो गई और सड़क पर गहरे गड्ढे पड़ने शुरू हो गए। इसको लेकर सराहांवासियों की नाराजगी भी साफ देखी जा सकती है। हैरानी की बात है कि विभाग ने बरसात के समय ही सड़कों की टारिंग की। गर्मियों के मौसम में जब कार्य को शुरू किया जाना चाहिए था, तब विभाग सोया रहा। हैरानी की बात है कि यदि इसी तरह से ही विभाग को फिर से सड़क पर पैच लगाने थे तो सड़क को पक्का ही क्यों किया गया? पंचायत समिति सदस्य राजेश शर्मा, जगमोहन सिंह, नरेश कुमार, सोमदत्त, करण सिंह, राजेश कुमार, वीरेंद्र शर्मा व गणेश दत्त ने बताया कि विभाग सड़कों पर पैच तो जरूर लगा रहा है लेकिन उस तरह की पकड़ नहीं बन पाती, जिस तरह से एक साथ टारिंग करने से बनती है। उन्होंने बताया कि विभाग को चाहिए कि ऐसे मौसम में टारिंग की जाए जब गर्मी होती है। सहायक अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि जहां-जहां सड़क उखड़ी थी, उसे दोबारा दुरुस्त किया जा रहा है।