नाहन कॉलेज में भूख हड़ताल पर बैठे एबीवीपी के कार्यकर्ता व अन्य छात्र।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में कॉमर्स संकाय में प्राध्यापकों के खाली पड़े पदों से गुस्साए छात्र सोमवार को भूख हड़ताल पर बैठ गए। दो दर्जन के करीब छात्र क्रमिक अनशन पर बैठे हैं। इससे पूर्व एबीवीपी और कॉमर्स संकाय के छात्रों ने परिसर में रैली निकाल कर नारेबाजी की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कहा कि कॉलेज में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। हैरानी की बात है कि कॉलेज में दाखिले हुए दो माह का समय बीत चुका है। पिछले एक माह से कॉलेज में कक्षाएं भी चल रही हैं, लेकिन कॉमर्स संकाय के छात्रों को पढ़ाने वाला कोई नहीं है। छात्रों को रोजाना कॉलेज के चक्कर काटकर बिना पढ़ाई किए वापस लौटना पड़ रहा है। छात्रों ने इसे कॉलेज प्रबंधन समेत प्रदेश सरकार की नाकामी करार दिया है। छात्रों ने कहा कि कालेजों में रिक्त प्रोफेसरों के पदों से कॉलेज प्रबंधन के साथ-साथ प्रदेश सरकार की लापरवाही उजागर हो रही है। नाहन कॉलेज में अभी तक कॉमर्स संकाय में एक भी प्राध्यापक तैनात नहीं किया गया है। प्रदर्शन के बाद रिंकू, तान्या, पारुल, वंदना, शिवांगी, मीरा, रविंद्र, रणदीप, नितिन, करिश्मा, यशवंत, सोनाली, अभिषेक, कविता, सचिन, शिवा, भाविका और जितेंद्र आदि छात्र भूख हड़ताल पर बैठ गए। उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक तनुज शर्मा ने कहा कि सांकेतिक भूख हड़ताल 24 घंटे चलेगी। यदि फिर भी मांगों पर कोई गौर नहीं किया गया तो एबीवीपी कॉमर्स संकाय के छात्रों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी। इस मौके पर कॉमर्स के छात्रों समेत एबीवीपी छात्र संगठन से जुड़े कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।