नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा ने अवैध लकड़ी की बरामदगी के मामले में चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी ठेकेदार बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आईपीसी की धारा 379, 120बी और वन अधिनियम की धारा 41,42 के तहत कामिल (33) पुत्र सलामुदीन निवासी हरिपुरखोल को शुक्रवार को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। आरोपी पर आपराधिक षड्यंत्र का मामला भी दर्ज है। सूत्रों से पता चला है कि अदालत ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उल्लेखनीय है कि मई माह में एसआईयू ने अवैध ढंग से ले जाई जा रही खैर की बेशकीमती लड़की को मिश्रवाला चौक पर नाकाबंदी के दौरान बरामद किया था। तीन पिकअप में खैर की लकड़ी के 226 नग बरामद किए गए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किया गया आरोपी ठेकेदारी का कार्य करता है और अवैध ढंग से लकड़ी की खरीद-फरोख्त के कार्य भी करता था। काफी समय से आरोपी पुलिस के निशाने पर था। पुख्ता सूत्रों की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने की है।