अमर उजाला ब्यूरो
नाहन/राजपुर (सिरमौर)। शहीद समीर कुमार को उनके पैतृक गांव राजपुर में याद किया गया। उनकी शहादत दिवस पर शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में उनको श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों को तांता लगा रहा। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक कमेटी पांवटा के अध्यक्ष कैप्टन जगत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जबकि, भाजपा महामंत्री दिनेश नेगी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद की माता कमला देवी और उनके भाइयों एक्स सर्विसमैन अमित कुमार तोमर और संदीप कुमार तोमर ने शहीद समीर के स्मारक पर दीपांजलि और पुष्पांजलि देकर किया। इसके बाद भाजपा महामंत्री दिनेश नेगी सहित कैप्टन जगत सिंह, वीरेंद्र सिंह, तिलकराज, सुरेश, केदार सिंह चौहान सहित दर्जनों भूतपूर्व सैनिकों, पंचायत प्रधान केतकी शर्मा, उपप्रधान अर्जुन चौहान सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने शहीद समीर की स्मारक पर फूल अर्पित किए। इस मौके पर राष्ट्रीय ध्वज भी फहराया गया। हिम चिल्ड्रन स्कूल राजपुर और अंबोया स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीयगान और देशभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत किए। इस मौके पर कैप्टन जगत सिंह ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले सैनिकों की कुर्बानियों को हमेशा याद रखना चाहिए। हम सब शहीद हुए सैनिक व उनके परिजनों के ऋणि है। गौरतलब है कि शहीद समीर कुमार 25 फरवरी 1997 में ग्रेजेडियर्स रेजिमेंटल सेंटर (जीआरसी) जबलपुर में भर्ती हुए थे। जिसके बाद वह 39 राष्ट्रीय राइफल में शामिल हुए। जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ भारतीय सेना ने पांच मार्च 2002 को ऑप्रेशन पराक्रम शुरू हुआ। इस दौरान आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद समीर ने अपनी अंतिम सांस ली थी। शहीद समीर सिंह तोमर की स्मृति में उनकी माता कमला देवी और पिता जयकिशन ने राजपुर में शहीद स्मारक का निर्माण करवाया था। शहीद की प्रतिमा का अनावरण तत्कालीन जिलाधीश एमएल शर्मा ने 1 दिसंबर 2004 को किया। तबसे हर साल उनका परिवार शहीद समीर कुमार तोमर की शहादत को याद करते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन करता है। मंगलवार को हुए कार्यक्रम के अंत में प्रस्तुति देने वाली विद्यार्थियों को शहीद की माता कमला देवी की ओर से पुरस्कृत भी किया गया। इस मौके भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।