पड़दूनी में 2.80 करोड़ से बनेगी सिंचाई योजना
विस अध्यक्ष ने रखी माजरा-मिश्रवाला सड़क की आधारशिला
पलहोड़ी के 181 परिवारों को मकान स्वीकृत : डॉ. बिंदल
नाहन (सिरमौर)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को नाहन निर्वाचन क्षेत्र के माजरा में माजरा-सुखीखाला पुल से माजरा बाता नदी पुल, मटक माजरी, फतेहपुर, पीपलीवाला वाया मिश्रवाला सड़क के उन्नयन एवं पक्का करने की आधारशिला रखी। इस पर चार करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस सड़क के बनने से दो ग्राम पंचायतों माजरा और मिश्रवाला के लोगों को लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माजरा में 16 लाख की लागत से नवनिर्मित दो अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर माजरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन निर्वाचन क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाना उनकी प्राथमिकता है। दस माह के कार्यकाल में नाहन निर्वाचन क्षेत्र के लिए करोड़ों की विभिन्न परियोजनाएं स्वीकृत करवाकर उस पर कार्य करना आरंभ कर दिया है। उन्होंने बताया कि नाहन निर्वाचन क्षेत्र की पांवटा खंड में आने वाली नौ पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं के सृजन को प्राथमिकता दी गई है। डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन निर्वाचन क्षेत्र की पिछड़ी पंचायत पलहोड़ी में 181 परिवारों के लिए मकान स्वीकृत किए गए हैं। इस पंचायत में सड़क और पेयजल समस्या के निराकरण के लिए योजनाएं प्रदेश सरकार को स्वीकृति के लिए भेजी गई हैं। उन्होंने बताया कि पड़दूनी पंचायत में सिंचाई योजना के लिए 2.80 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हुई है। इस अवसर पर पूर्व प्रधान रणधीर चौधरी, कोलर पंचायत के प्रधान अमर सिंह, पंचायत प्रधान धौलाकुआं मलकीयत सिंह, पंचायत प्रधान माजरा विजेश गोयल, श्रवण खट्टा, फरीद खान, पूर्व प्रधान रतन चौधरी और गीता राम ने भी अपने विचार रखे।