नाहन (सिरमौर)। अखिल विद्यार्थी परिषद ने बस किराया वृद्धि को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। परिषद की नाहन इकाई ने परिवहन मंत्री से बस किराया वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की है। ऐसा न होने की सूरत में जनहित में जन-आंदोलन की चेतावनी भी दी है। अपनी इस मांग को लेकर विद्यार्थी परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को उपायुक्त सिरमौर ललित जैन से मिला। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर के नाम उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अक्षय सिंघानिया, इकाई अध्यक्ष प्रदीप, इकाई सचिव सचिन ठाकुर, नितिन राणा, अंकू शर्मा, तरुण तोमर ने ज्ञापन के माध्यम से परिवहन मंत्री से कहा कि उनका संगठन छात्र हित की लड़ाई लड़ता आ रहा है। सरकार ने जो बस किराया बढ़ाया है, उसका सीधा नुकसान छात्रों को भी उठाना पड़ रहा है। न्यूनतम किराया तीन रुपये से बढ़ाकर छह रुपये करना और सामान्य किराये में 24.44 प्रतिशत बढ़ोतरी किसी भी तरह से मान्य नहीं है। उन्होंने कहा कि बस किराया वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए। यदि सरकार जनहित में यह निर्णय नहीं लेती है तो एबीवीपी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि इस गलत निर्णय के खिलाफ प्रदेश भर में आंदोलन किए जाएंगे।