सिरमौर में लोक अदालतों में 3,648 मामलों का मौके पर निपटारा
जिला न्यायालय नाहन समेत अधीनस्थ न्यायालयों में लगीं 11 बैंच
बिजली-पानी, बैंक, मोटर एक्ट समेत कई लंबित केस का निपटाए
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला न्यायालय नाहन और अधीनस्थ न्यायालयों में शनिवार को लोक अदालतों में 3,648 मामलों का मौके पर निपटारा किया गया। इस दौरान पूर्व मुक्कदमेबाजी के 3,068 मामलों में से 1,433 और अदालतों में लंबित 4,945 मामलों में से 2,215 मामलों का निपटारा हुआ।
अदालत में बिजली और पानी के बिलों का भुगतान, बैंक रिकवरी, वैवाहिक विवाद, दुर्घटना क्लेम, मोटर व्हीकल चालान, खनन, शॉप एक्ट, बीएसएनएल, भूमि अधिग्रहण समेत अन्य सिविल केस के कुल 8,013 मामले निपटान के लिए आए।
लोक अदालतों में मामले के निपटारे के लिए जिला न्यायालय नाहन में छह बैंच लगाई गईं। इसके साथ-साथ पांवटा साहिब में तीन, शिलाई और राजगढ़ न्यायालयों में एक-एक बैंच पर मामलों का निपटारा किया गया।
इस दौरान लोक अदालतों में 9,30,74,191 रुपये का सेटलमेंट किया गया। लोक अदालतों में सुबह से ही अपने मामलों के निपटारे के लिए लोग पहुंचना शुरू हो गए थे। बता दें कि इसी साल 11 मार्च और 13 मई को भी लोक अदालतों का आयोजन किया गया था।
इस मर्तबा पिछली लोक अदालत के मुकाबले 1,367 मामले ज्यादा निपटाए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर की सचिव न्यायाधीश माधवी सिंह ने बताया कि लोक अदालतों में पूर्व मुकदमेबाजी और लंबित केस के 8,013 मामले लोक अदालतों में सुनवाई के लिए पहुंचे, जिसमें प्री-लिटिगेशन के 3,068 और 4,945 लंबित मामले शामिल रहे। अदालतों में लिए कुल मामलों में से 3,648 का निपटारा किया गया।
उन्होंने बताया कि सिरमौर जिले में लोक अदालतों के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। कई लोग अदालतों में मौके पर ही संबंधित मामलों का निपटारा करवा रहे हैं।