नाहन (सिरमौर)। शहर की ट्रैफिक पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ शिकंजा कसते हुए शुक्रवार को एक दर्जन के करीब चालान काटे। इस दौरान वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पुराने पीजी कॉलेज भवन से गुजरने वाली सड़क और कैंट चौक के समीप कार्रवाई को अंजाम दिया। पिछले लंबे समय से पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ वाहन चालक सड़कों पर अवैध पार्किंग कर रहे हैं। जबकि, पुराने पीजी कॉलेज भवन के समीप से गुजरने वाली सड़क को पार्किंग के लिए प्रतिबंधित किया गया है। बावजूद इसके कुछ चालक यहां पर वाहन पार्क करने के बाद कई दिन तक अपने वाहन की सुध नहीं लेते। ऐसे में यातायात पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान फिर से शुरू कर दिया है। इसके अलावा कच्चा टैंक के समीप भी पुलिस ने बेतरतीब ढंग से यहां-वहां वाहन पार्क करने वालों के चालान किए। उधर, यातायात प्रभारी सत्यप्रकाश ठाकुर ने बताया कि अवैध पार्किंग के खिलाफ पुलिस की मुहिम जारी है। उन्होंने बताया कि अवैध पार्किंग के चालान रूटीन वाइज काटे जा रहे हैं। शुक्रवार को पुराने कॉलेज भवन और कच्चा टैंक के पास कैंट चौक पर पुलिस ने एक दर्जन के करीब अवैध पार्किंग के चालान किए हैं। उन्होंने बताया कि शहर में अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। चालान काटने के बाद कुछ वाहन चालकों ने जुर्माने की भी अदायगी की है। अवैध पार्किंग करने पर वाहन का न्यूनतम चालान तीन सौ रुपये है। यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।