गहरी खाई में गिरी जीप, चालक घायल
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई-रोनहाट एनएच-707 पर एक जीप के खाई में गिरने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। शिलाई पुलिस थाना के अंतर्गत शिलाई रोनहाट सड़क पर धारवा के पास एक पिकअप नंबर एचपी 17-9862 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस सड़क हादसे में विनोद कुमार उर्फ वीनू पुत्र सालिगराम निवासी गांव देवहना नैनीधार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही घायल चालक को 108 एंबुलेंस की सहायता से शिलाई अस्पताल में पहुंचाया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिकअप जीप सड़क से करीब सौ मीटर गहरी खाई में गिरी। हादसे के वक्त पिकअप में और कोई भी व्यक्ति सवार नहीं था। उधर, शिलाई थाना के प्रभारी अशोक नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।