अंबोया में नहीं ढके पेयजल योजना के टैंक
बच्चों और मवेशियों के गिरने का बढ़ा खतरा
पांवटा/राजपुर (सिरमौर)। पांवटा विधानसभा क्षेत्र की अंबोया पंचायत में जल संग्रहण टैंक को खुला छोड़ा गया है। इससे इसमें आसपास से उड़कर गंदगी पहुंच रही है। खुले टैंक के चलते हमेशा बच्चों, मवेशियों और बंदरों के गिरने का खतरा रहता है। आईपीएच विभाग से अंबोया नवयुवक मंडल ने टैंकों को ढकने की मांग उठाई है। ग्राम पंचायत अंबोया निवासी वरुण शर्मा, विपुल शर्मा, सुन्नी सेवल, नितेश मेहता, पुनीत भंडारी, नितिन मेहता, अंकित मेहता, बलराज काला, अचल शर्मा और विक्की शर्मा ने कहा कि अंबोया पंचायत के लिए हॉस्टल भवन के पास ग्रेवटी पेयजल योजना के 3-4 जल संग्रहण टैंक बने हैं। ये करीब एक दशक पहले बने थे, जिससे इस पंचायत के करीब पांच सौ से अधिक परिवार की ढाई हजार से अधिक आबादी पेयजल सुविधा से जोड़ी गई है। आइपीएच विभाग की ओर से इन जल संग्रहण टैंकों को ढका नहीं जा रहा। इससे टैंकों में गंदगी जा रही है। इससे जल प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इसके बारे में कई बार विभाग को अवगत करवाया गया है लेकिन कोई कदम नहीं उठाए जा रहे। उधर, आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता एके धीमान ने कहा कि जल्द टैंकों को ढक दिया जाएगा।