ददाहू(सिरमौर)। डिग्री कॉलेज ददाहू में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। ददाहू कॉलेज को प्रदेश विवि से मान्यता मिल गई है। इसके अलावा डिग्री कॉलेज में ही परीक्षा केंद्र भी स्थापित कर दिया गया है। बुधवार को एचपीयू ने अधिसूचना जारी कर ददाहू डिग्री कॉलेज को दोनों तरह की मान्यताएं प्रदान की। इससे ददाहू कॉलेज में पढ़ रहे 135 विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है। अब विद्यार्थी नि:संकोच होकर वार्षिक परीक्षाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई है। उल्लेखनीय है कि डेढ़ वर्ष पूर्व खुले इस कॉलेज में भले ही आर्ट्स विषय की कक्षाओं का संचालन हो रहा था। लेकिन कॉलेज की मान्यता न होने के कारण विद्यार्थी वार्षिक परीक्षा के लिए आवेदन करने से वंचित हो रहे थे। विद्यार्थियों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए 1 जनवरी को अमर उजाला ने एचपीयू की साइट में दर्ज नहीं ददाहू में खुले नए कॉलेज का नाम..., शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसको लेकर कॉलेज प्रबंधन हरकत में आया तथा एचपीयू ने भी मान्यता संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिए। कॉलेज प्रबंधन ने बिना समय गंवाएं 15 दिनों के दौरान ही औपचारिकताएं पूरी करके एचपीयू में आवेदन किया। बुधवार को एचपीयू के परीक्षा नियंत्रक ने अधिसूचना जारी कर डिग्री कॉलेज ददाहू को मान्यता प्रदान कर दी। जिससे कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली। यहां तक कि बुधवार से ही विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन करना शुरू भी कर दिया। उधर, डिग्री कॉलेज ददाहू के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. दिनेश भारद्वाज ने बताया कि अब कॉलेज को एक साथ दो मान्यताएं मिल गई हैं। परीक्षा केंद्र भी ददाहू में स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थी अब नि:संकोच होकर वार्षिक परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।