कालाअंब (सिरमौर) औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की गाइड लाइन के मुताबिक अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लेने और नियमों की अवहेलना करना आठ उद्योगों को महंगा पड़ गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश पर बिजली बोर्ड ने आठ उद्योगों के बिजली कनेक्शन काट दिए हैं। जबकि, तीन और उद्योगों के कनेक्शन जल्द काटे जाएंगे। बिजली कनेक्शन कटने से उद्योगों में उत्पादन ठप हो गया है। गौरतलब है कि औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के कुछ उद्योगों में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नियमों की अवहेलना करने वाले करीब एक दर्जन उद्योगों पर शिकंजा कसते हुए बिजली कनेक्शन काटने के आदेश दिए थे। आरोप है कि उद्योगों में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। एक दर्जन उद्योग बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के सभी नियमों को ताक पर रखकर चल रहे थे। बिजली बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक कालाअंब के स्थानीय अधिकारियों को 28 नवंबर को इस संदर्भ में लिखित आदेश प्राप्त हुए थे। इसके तुरंत बाद 29 दिसंबर को छह उद्योगों के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए गए, जबकि दो अन्य उद्योगों के कनेक्शन पहले ही स्थायी तौर पर काट दिए गए थे। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता राकेश कपूर ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिले आदेशों के अनुसार कुल आठ उद्योगों के कनेक्शन तत्काल काट दिए गए। इनमें से छह कनेक्शन 28 और 29 दिसंबर को काटे गए, जबकि 2 कनेक्शन पहले ही स्थायी रूप से कटे हुए हैं। उनके अनुसार कुल 11 उद्योगों के कनेक्शन काटे जाने हैं। शेष तीन उद्योगों के कनेक्शन भी जल्द ही काट दिए जाएंगे।