ददाहू (सिरमौर)। एक दिवसीय सिरमौर प्रवास पर आए शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से क्षेत्र के कई प्रतिनिधिमंडलों ने मिलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें शिक्षा मंत्री ने समय पर निपटाने का आश्वासन दिया। स्कूल प्रवक्ता संघ का एक प्रतिनिधिमंडल अनुबंध में आए पीटीए शिक्षकों को नियमित करने की मांग को लेकर प्रधान सुरेंद्र और महासचिव आईडी राही की अध्यक्षता में मंत्री से मिला। स्कूल प्रबंधन समिति बड़ग का एक प्रतिनिधिमंडल एसएमसी प्रधान रमेश चौहान की अध्यक्षता में मिला। उन्होंने स्कूल में रिक्त पड़े सभी पदों को भरने की मांग की। मंत्री से मिले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बेचड़ का बाग के प्रतिनिधिमंडल में एसएमसी प्रधान निर्मल ठाकुर ने स्कूल में विज्ञान विषय के सभी पदों को भरने और प्रयोगशाला भवन का निर्माण करने की मांग उठाई। हिमाचल प्रदेश राजकीय सीएंडवी अध्यापक संघ की जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने भी शिक्षा मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं उठाईं।