बैडमिंटन में हाब्बन ने नई नेटी स्कूल को हराया
सनौरा, सतौन और जयहर स्कूलों में खेलों का आगाज
अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़/सतौन/सराहां (सिरमौर)। राजगढ़ खंड की अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनौरा में प्रारंभ हुई। इसका शुभारंभ पंचायत समिति राजगढ़ के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने किया। उन्होंने ध्वजारोहण कर प्रतिभागी खिलाड़ियों की सलामी ली। प्रतियोगिता में 20 स्कूलों की करीब तीन सौ छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन हुए वॉलीबाल के मैच में चांबीधार स्कूल ने जदोल टपरोली को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। जबकि, कबड्डी में भनोग स्कूल ने एक कड़े मुकाबले में धर्मपुर को मात देकर अगले दौरा में प्रवेश पाया। बैडमिंटन में हाब्बन ने नई नेटी स्कूल को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयहर में भी शनिवार को अंडर-19 लड़कियों की खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। शुभारंभ पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप ने किया। प्रतियोगिता में सराहां खंड के 12 स्कूलों की 157 लड़कियां भाग ले रही हैं। शुभारंभ अवसर पर मिल्क फेडरेशन के निदेशक मदन सिंह, लेखराज बाछल, प्रधान रीता देवी, नीलम देवी और प्रधानाचार्य कर्म चंद धीमान आदि मौजूद रहे। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सतौन में शनिवार को अंडर-19 छात्र वर्ग की खेल कूद स्पर्धा आयोजित की गई। शुभारंभ बीडीसी अध्यक्ष पांवटा रमेश तोमर ने किया। जबकि, कार्यक्रम की अध्यक्षता सतौन बीडीसी सदस्य खत्री राम ने की। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने 5100 तथा अध्यक्ष ने 2100 रुपये की राशि खेलकूद स्पर्धा के संचालन के लिए दी। इस स्पर्धा का समापन चार सितंबर को किया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर पंचायत प्रधान रजनीश चौहान, एसएमसी अध्यक्ष विजय गुप्ता, स्कूल प्रधानाचार्य अजय गुप्ता, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा सहित सभी स्कूलों का स्टाफ मौजूद रहा।