शिलाई (सिरमौर)। शिलाई में अंबोटा के समीप एक पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिलाई में प्राथमिक उपचार के बाद पांवटा साहिब के लिए रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक शिलाई-रोनहाट एनएच-707 पर वीरवार देर शाम टमाटर से लदी एक पिकअप एचपी 17सी-0206 अंबोटा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पिकअप में सवार तीन लोगों को भारी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि अंबोटा के पास पहुंचते ही एक तीखे मोड़ पर चालक पिकअप से अचानक नियंत्रण खो बैठा। हादसे में अमित कुमार पुत्र कल्याण सिंह शिरी क्यारी, कल सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी देवनल और पिकअप चालक प्रदीप कुमार पुत्र कल्याण सिंह शिरी क्यारी को गंभीर हालत में शिलाई अस्पताल पहुंचाया गया। यहां तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल पांवटा साहिब रेफर कर दिया गया। उधर, शिलाई पुलिस ने सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि पुलिस थाना शिलाई के प्रभारी अशोक नेगी ने की है। शिलाई अस्पताल के प्रभारी डॉ. पीके तिवारी ने बताया कि अमित और कल सिंह के सिर में भारी चोटें आने से सिटी स्कैन के लिए सिविल अस्पताल पांवटा रेफर किया गया है।