आकर्षण का केंद्र बनी आयुर्वेद विभाग की प्रदर्शनी
दुर्लभ जड़ी-बूटियों की जानकारी लेने में जुटे मेलार्थी
मामूली कीमत पर औषधियों की खरीदारी कर रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के प्रगति मैदान में आयुर्वेद विभाग की प्रदर्शनी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में आयुर्वेद की तमाम विधाओं से रूबरू करवाया जा रहा है। पहली बार इस प्रदर्शनी को नया रूप प्रदान करके दुर्लभ जड़ी बूटियों और औषधियों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में कपूर, रुद्राक्ष, मालकांगनी, तेज पत्ता, इलायची और मच्छर भगाने की बूटी के पौधे मामूली कीमत पर बेचे और प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जिन्हें लोग हाथों हाथ खरीद रहे हैं। इसके अलावा पांच प्रजाति की तुलसी और अकरकला के पौधे को भी इस प्रदर्शनी में गुणों सहित प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी प्रभारी और विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शरद त्रिवेदी ने बताया कि आयुर्वेद गुणों से परिपूर्ण है लेकिन, लोगों में आयुर्वेद के प्रति ज्ञान का अभाव है। इसको ध्यान में रखते हुए आयुर्वेद से जुड़ी जड़ी बूटियों से लोगों को रूबरू करवाने के उद्देश्य से इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रयास किया गया है। शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी में बच्चों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के मॉडल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।