सड़क कार्य धीमा होने पर ग्रामीणों में रोष
ददाहू-बिरला वाया तिरमली सड़क पर की जा रही सोलिंग
सड़क के पक्का न होने की वजह से नहीं मिल रहा लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों को आपस में जोड़ने वाली ददाहू-बिरला वाया तिरमली सड़क का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। करीब तीन करोड़ से इस सड़क को बिरला तक पक्का किया जाना है लेकिन, अभी तक सड़क पर सोलिंग का कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है। जबकि ग्रामीण लंबे समय से सड़क के पक्का होने की आस लगाए बैठे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई इस सड़क के पक्का होने से धारटीधार क्षेत्र की आठ पंचायतों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों के साथ-साथ यात्रियों को भी धूल और मिट्टी से निजात मिलेगी। बिरला तक सड़क की हालत खस्ता होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों के चार और दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। हालांकि, इस सड़क को राष्ट्रीय उच्च मार्ग में भी शामिल किया जा चुका है लेकिन, अभी तक सड़क को पक्का न किए जाने के कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में ठेकेदार पर भारी लेटलतीफी बरतने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि मार्च तक सड़क पर सोलिंग का कार्य पूरा हो जाना चाहिए था लेकिन, अभी तक आधी सड़क पर भी सोलिंग पूरी नहीं हो पाई है। पांवटा से रेणुका जी तीर्थ तक प्रतिदिन सैकड़ों वाहन इस सड़क से होकर गुजरते हैं लेकिन, सड़क की हालत ठीक न होने के कारण उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां तक कि पर्यटक इस मार्ग पर चलने से भी कतरा रहे हैं। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता नितिश शर्मा ने बताया कि सड़क को पक्का करने का कार्य प्रगति पर है। मात्र दो किलोमीटर के दायरे में ही सोलिंग का कार्य शेष रह गया है। अप्रैल माह से टारिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। निश्चित समय अवधि में कार्य पूरा करने के ठेकेदार को आदेश दिए जा चुके हैं। यदि कार्य में देरी होगी तो ठेकेदार पर हर्जाना ठोका जाएगा।