नाहन (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड राजगढ़ की ग्राम पंचायत देवठी मझगांव में तीन फरवरी को जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा करेंगे। उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने बताया कि जनमंच कार्यक्रम प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का निराकरण घर-द्वार पर करना है। तीन फरवरी को देवठी मझगांव में आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत देवठी मझगांव के साथ लगती सात अन्य ग्राम पंचायत कोटी पधोग, माटल बखोग, टाली भुज्जल, जदोल टपरोली, कोटला बांगी, शाया सनौरा व डिब्बर के लोगों की समस्याओं का मौके पर निदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर के सभी विभागों के अधिकारी अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का मौके पर निदान करेंगे। जनता की मांग अनुसार पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले सभी विभाग जनमंच कार्यक्रम में प्रदान किए जाने वाले प्रमाणपत्र व दस्तावेजों को मौके पर जारी करेंगे। उपायुक्त ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवठी मझगांव के साथ लगती सात ग्राम पंचायतों के लोगों से अपील की कि वह 3 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में आकर इस कार्यक्रम का लाभ उठाएं।