अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। चौपर में तकनीकी खराबी आने से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने प्रस्तावित दौरे पर तीन घंटे देरी से पहुंचे। इसके बाद मुख्यमंत्री गिरिपार के शिलाई विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न स्थलों पर कार्यक्रमों के लिए वाहन से रवाना हुए। मंगलवार को मुख्यमंत्री का सुबह साढ़े नौ बजे पांवटा के तारूवाला पहुंचने का निर्धारित कार्यक्रम था लेकिन सुबह शिमला से सिरमौर के लिए उड़ान भरने से पहले उनके चौपर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते सेना के चौपर की सहायता ली गई। तारूवाला स्थित हेलीपैड पर सेना के चौपर ने पहले लैंडिंग का ट्रायल लिया। लिहाजा, मुख्यमंत्री कार्यक्रम के तय समय से तीन घंटे देरी से करीब 12:25 बजे पांवटा के तारूवाला चौपर से पहुंचे। पांवटा पहुंचने पर सांसद वीरेंद्र कश्यप, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, हिमाचल प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, विधायक सुखराम चौधरी, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य मदन मोहन शर्मा, जिलाधीश सिरमौर ललित जैन, जिला उद्योग महाप्रबंधक जीएस चौहान, एएसपी वीरेंद्र ठाकुर, डीएसपी प्रमोद चौहान, एसएचओ अशोक चौहान के अलावा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, अरविंद गुप्ता, कुलदीप राणा, शिवानी वर्मा, नप अध्यक्ष कृष्णा धीमान समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ पांवटा पहुंचने पर स्वागत किया। इसके बाद तुरंत गिरिपार के सतौन, कफोटा और शिलाई में होने वाले उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों और शिलाई जनसभा के लिए रवाना हुए।