ददाहू (सिरमौर)। गिरि नदी में बहे ठाकर कुजवाला निवासी सलिंद्र सिंह का सोमवार को तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। दो दिन से ही ग्रामीणों के साथ-साथ माजरा-राजबन पुलिस की टीमें भी उसकी तलाश में जुटी हुई हैं लेकिन 48 घंटे का समय बीत जाने के बावजूद उनके हाथ कामयाबी नहीं लग पाई। सोमवार को वर्षा अधिक होने के कारण गिरि नदी में पानी का स्तर भी बढ़ गया। इससे लापता सलिंद्र की तलाश में बाधा उत्पन्न हुई फिर भी ग्रामीण अपने स्तर पर गिरि नदी के किनारे और जंगलों की खाक छानते फिर रहे हैं। ग्रामीणों का एक दल यमुना नदी के साथ-साथ हथनी कुंड बैराज तक भी पहुंच गया। यहां उन्होंने सलिंद्र की तलाश की लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चल पाया। गौरतलब है कि सलिंद्र सिंह शनिवार शाम को घर लौटते समय गिरि नदी के तेज बहाव में बह गया था, तबसे उसकी तलाश की जा रही है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि दो दिन से लापता सलिंद्र की तलाश जारी है। बारिश के कारण तलाशी अभियान में बाधा उत्पन्न हो रही है।