पशु चिकित्सक प्रशिक्षण संस्थान में हड़ताल खत्म
अध्यक्ष के हस्तक्षेप से कक्षाओं में लौटे विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। पशु चिकित्सा प्रशिक्षण संस्थान कोटला बडोग में फार्मासिस्ट का प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षणार्थियों की मांगों को लेकर जारी हड़ताल संस्थान के अध्यक्ष के हस्तक्षेप से शनिवार को समाप्त हो गई। फार्मासिस्ट का प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षणार्थी पिछले दो दिनों से हड़ताल पर थे। उन्होंने कक्षाओं का बहिष्कार कर रख था। पल्लवी, रंजना, राकेश, नितीश, डोलमा, मन्दीप और सचिन आदि सहित करीब सात दर्जन प्रशिक्षणार्थियों ने लिखित में संस्थान के अध्यक्ष को बताया कि संस्थान के लिए रास्ता गिरिनदी से होकर जाता है, उसे दुरुस्त किया जाए। रास्ता खराब होने के कारण वहां पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जबकि, संस्थान में कार्यरत बेहतर शिक्षकों को नहीं हटाया जाना चाहिए। संस्थान में और सार्वजनिक नल लगाए जाएं। शनिवार को अध्यक्ष प्रशिक्षण संस्थान मोहन मेहता ने मौके पर पहुंचकर प्रशिक्षणार्थियों से बात की और उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया। इसके पश्चात यह विवाद समाप्त हो गया। अध्यक्ष मोहन मेहता ने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों की मांगें मान ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार से नियमित रूप से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।