शिलाई (सिरमौर)। शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि वर्तमान भाजपा सरकार जिला सिरमौर के चार डिग्री कॉलेजों को बंद करने की योजना बना रही है। यदि भाजपा सरकार कॉलेजों को बंद कर देती है तो कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बने अभी छह माह का वक्त बीता है। इतने ही समय में पूरी विकास व्यवस्था ठप हो गई है। हर विभाग से राजनीतिक द्वेष के चलते कर्मचारियों के तबादले हो रहे हैं। आज शिक्षण संस्थान खाली हो गए हैं, जिसकी वजह से यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों पर पढ़ने का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों सीनियर सेकेंडरी स्कूल कफोटा में अध्यापकों के तबादलों के चलते 60 छात्रों ने स्कूल छोड़कर अन्य स्कूलों में दाखिला लिया है। सिंचाई उपमंडल शिलाई और कफोटा के सहायक अभियंता का तबादला कर दिया गया। शिलाई में लोगों को दो सप्ताह बाद पानी मिल रहा है। हर विभाग में कर्मियों के स्थानांतरण तो किए जा रहे हैं लेकिन उनके स्थान पर कोई भी रिलीवर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान भाजपा सरकार इसी तरह का कार्य करती रही तो वह जल्द सरकार के विरुद्ध एक जन आंदोलन करेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। यह अपने मन की बात तो सुना सकते हैं लेकिन जनता के दुख और दर्द नहीं देख सकती।