राजगढ़ (सिरमौर)। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग राजगढ़ के कनिष्ठ अभियंता के साथ एक व्यक्ति ने गालीगलौज की है। साथ ही सरकारी काम में भी बाधा पहुंचाई है। इसकी शिकायत सहायक अभियंता ने राजगढ़ थाने में की है। पुलिस को दी शिकायत में सहायक अभियंता बीके कौंडल ने कहा कि विभाग के कनिष्ठ अभियंता यशपाल शर्मा गर्मियों में पानी की किल्लत के चलते निरीक्षण पर गए थे। इस दौरान उन्होंने पानी की टंकी से कार साफ कर रहे एक व्यक्ति को ऐसा करने से मना किया। इस पर उस व्यक्ति ने उनके साथ झगड़ा करते हुए गाली गलौज की। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। उन्होंने इस संदर्भ में पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।