अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा में बाइक की जोरदार टक्कर से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है। बुजुर्ग खेतों से काम करने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था। बेहड़ेवाला के समीप तेजरफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय लोग और परिजन सिविल अस्पताल पांवटा लेकर गए लेकिन, रात को प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाहन रेफर कर दिया गया। परिजन बुजुर्ग को देहरादून लेकर गए लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पांवटा पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पांवटा से बेहड़ेवाला भंगानी मार्ग पर सोमवार देर शाम को सड़क हादसा हुआ। बेहड़ेवाला निवासी मौजी राम पुत्र बाजा राम ने पुलिस थाना पांवटा में मामला दर्ज करवाया है। इसमें कहा गया है कि उनके पिता बाजा राम (75) पुत्र बाबू राम देर शाम को खेतों से वापस घर लौट रहे थे कि तभी पांवटा की तरफ से एक बाइक तेज गति से आया और बाजा राम को जोर की टक्कर मार दी। एंबुलेंस से घायल को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एसके राघव ने घायल का उपचार करने के बाद हालत गंभीर होने पर उसे नाहन रेफर कर दिया लेकिन, परिजन घायल को उत्तराखंड के देहरादून अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बाजा राम ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर एएसआई पांवटा थाना बाला राम की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी बाइक चालक का मेडिकल करवा लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।