नाहन (सिरमौर)। बस किराये में बढ़ोतरी को लेकर सिरमौर बस ऑपरेटर यूनियन ने शुक्रवार को उपायुक्त सिरमौर के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजा। यूनियन ने मांत्र पत्र में साफ लहजे में कहा है कि यदि 10 सितंबर से पहले बस किराये में बढ़ोतरी नहीं की गई तो प्रदेश में निजी बस मालिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी। यूनियन के अध्यक्ष मामराज शर्मा, उपाध्यक्ष अर्जुन नागरा, महासचिव अखिल शर्मा आदि ने बताया कि पिछले एक साल से लगातार पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी जारी है। आज डीजल के दाम 72 रुपये और पेट्रोल 80 रुपये पहुंच चुका है। ऐसे में निजी बस मालिक कंगाली के कगार पर पहुंच गए हैं। यदि ऐसा ही रहा तो किसानों की तरह बस मालिक भी आत्मदाह के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने बताया कि जब डीजल के दाम 46 रुपये प्रति लीटर थे तो सरकार ने बस किराये में 30 फीसदी बढ़ोतरी की थी। अब तक डीजल में 25 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी हो चुकी है, लेकिन बस किराया वही है। उन्होंने साफ किया कि अगर सरकार दस सितंबर तक उनकी बात नहीं सुनती है तो निजी बस मालिक हड़ताल करेंगे। हड़ताल शांतिपूर्वक होगी। किसी भी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। यूनियन ने सरकार से मांग की है कि किराये में कम से कम दस रुपये और अधिकतम 50 फीसदी किराया वृद्धि की जाए।