गिरि बिजली प्रोजेक्ट में पटरी पर लौटा उत्पादन
ददाहू (सिरमौर)। गिरि विद्युत परियोजना में सोमवार को उत्पादन पटरी पर लौट आया। रविवार मध्यरात्रि को सिल्ट कम होते ही सोमवार सुबह से मशीनों को दोबारा चालू कर दिया गया। इससे उत्पादन 57 मेगावाट जा पहुंचा। 95वें फीसदी उत्पादन संभव होने के कारण परियोजना प्रबंधकों ने भी राहत की सांस ली है। हालांकि, अभी भी शत-प्रतिशत उत्पादन नहीं हो पाया है लेकिन सोमवार की सुबह से ही उत्पादन 57 मेगावाट पर जा पहुंचा है। इससे दोनों टरबाइनों से बराबर काम लिया जा रहा है। गिरिनदी में सिल्ट की मात्रा कम होने के साथ ही गेटों को बंद करके उत्पादन क्षमता को बढ़ाया गया। सोमवार को दस में से मात्र एक गेट को ही 9 इंच तक खुला रखा गया। परियोजना के सहायक अभियंता कमलजीत शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह चार बजे से ही उत्पादन 57 मेगावाट पर टिका हुआ है जो पिछले कुछ दिनों की तुलना में कहीं अधिक है। यदि वर्षा का क्रम अधिक रहता है तो उत्पादन शतप्रतिशत हो जाएगा।