अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा एनएच-07 पर वाई प्वाइंट से पांवटा मुख्य बाजार को जोड़ने वाली सड़क पर एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई वाहन या राहगीर पेड़ की चपेट में नहीं आया। लेकिन, पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति लाइन बुरी तरह से टूटने पर आपूर्ति बाधित हो गई। ओबीसी बैंक और मालविका के समीप गिरे विशाल पेड़ से कुछ समय के लिए एनएच भी बंद रहा। स्थानीय पंकज भटनागर, मोहनीश मोहन, प्रदीप दीक्षित, जुल्फकार अली, रामकिशन शर्मा, भरत ठाकुर और दिनेश शर्मा ने बताया कि ओबीसी बैंक और मालविका के सामने अचानक एक विशाल पेड़ सड़क पर आ गिरा। इस स्थल पर दिन भर अक्सर वाहन पार्क किए रहते हैं। मंगलवार को सुबह से ही बारिश होने पर कोई वाहन पार्क नहीं किया गया था लेकिन, सड़क के साथ से गुजरती बिजली बोर्ड की लाइनों को काफी क्षति हुई है। एचटी लाइन के खंभे और तार बुरी तरह टूट गए। इससे आसपास क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति कई घंटों तक बंद रही। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता दर्शन सिंह ठाकुर ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण विशाल पेड़ मालविका और ओबीसी बैंक के समीप गिरा है। इससे एचटी लाइन और पोलों को क्षति पहुंची है। क्षतिग्रस्त पोल और लाइन की शीघ्र मरम्मत के प्रयास किए जा रहे हैं।