सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र की नैनाटिक्कर पंचायत के दो दर्जन परिवारों को आखिरकार पानी मिलने की आस जग गई है। इस पंचायत के दो दर्जन परिवार पानी को तरस रहे हैं। दरअसल इन परिवारों को लाभान्वित करने वाली सादनाघाट उठाऊ पेयजल योजना की पाइप 12 साल पहले सड़क निर्माण के कारण टूट गई थी। इसके बाद से यह पाइप जोड़ी नहीं गई। ऐसे में नैनाटिक्कर पंचायत के थाफला, खड़ी, जान व सांनटा गांव के दो दर्जन से अधिक परिवार पिछले 12 सालों से पानी के लिए तरस रहे थे। ग्रामीणों ने कई बार इसकी सूचना सहायक व कनिष्ठ अभियंता को दी थी। लेकिन विभागीय अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। समस्या जस की तस रही। लोगों की इस समस्या को अमर उजाला ने 4 जुलाई के अंक में टूटी पाइप लाइन 12 साल बाद भी नहीं हो पाई ठीक शीर्षक से प्रकाशित किया। इसके बाद आईपीएच विभाग हरकत में आ गया। 24 घंटे के भीतर ही गांव में पेयजल पाइपें पहुंचा दीं। विभाग का अब दावा है कि दो दर्जन परिवारों को जल्द ही पेयजल सुविधा से जोड़ दिया जाएगा। ग्रामीणों तेजवीर सिंह, मोती सिंह, सुखराम, विकास दत्त व दीनदयाल ने बताया कि समाचार प्रकाशित होने के 24 घंटे के भीतर ही विभाग ने पाइपें पहुंचा दी हैं। उम्मीद जगी है कि 12 साल के बाद अब योजना से पानी मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि सहायक अभियंता ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर भी पहुंचकर निर्देश दिए हैं।
उधर, सहायक अभियंता पंकज चौधरी ने बताया कि पहले उनके संज्ञान में यह मामला नहीं था, लेकिन जैसे ही पता चला तुरंत आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।