सतौन (सिरमौर)। प्रदेश में किसी भी परीक्षा की टंकन परीक्षा के लिए हजारों युवाओं को हमीरपुर जाना पड़ रहा है। इससे सोलन, सिरमौर, शिमला और किन्नौर के युवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना सिरमौर के बेरोजगार युवाओं को करना पड़ रहा है। 500 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर युवा हमीरपुर पहुंच रहे हैं। यहां पर सिर्फ दस मिनट की परीक्षा देकर वे लौट आते हैं। इस समस्या को लेकर सिरमौर के युवा हमीरपुर कर्मचारी चयन बोर्ड के सचिव से मिले। शिलाई के माशु गांव के अनिल चौहान ने बताया कि सिरमौर के युवाओं को 500 किलोमीटर से ज्यादा का सफर 10 मिनट की टंकन परीक्षा के लिए करना पड़ रहा है। जबकि, दस्तावेजों की जांच के लिए भी हमीरपुर ही जाना पड़ रहा है। अनिल चौहान ने मांग की है कि सिरमौर, सोलन, शिमला और किन्नौर के युवाओं के लिए सोलन में अलग परीक्षा केंद्र खोलना चाहिए। इससे बेरोजगार युवाओं को इस समस्या से निजात मिल सकेगी। उन्होंने सीएम को भी इसके बारे में पत्र भेजा है।