जनवादी महिला समिति की ददाहू इकाई ने सिविल अस्पताल ददाहू में चिकित्सकों के पदों को भरने की मांग की है। सोमवार को बैठक का आयोजन करके समिति ने तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा। इसमें ददाहू अस्पताल से जुड़ी समस्याओं को उजागर किया गया है। इससे पहले बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति की राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर ने कहा कि सिविल अस्पताल ददाहू रेणुका विस क्षेत्र की 30 पंचायतों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करता है लेकिन, यहां पिछले लंबे अरसे से चिकित्सकों की भारी कमी चल रही है। चिकित्सकों के छह पद खाली चल रहे हैं। इनको बार-बार आवाज उठाने के बावजूद भरा नहीं जा रहा है। इससे क्षेत्र से जुड़े रोगियों, विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं ने सरकार से मांग की है कि सिविल अस्पताल ददाहू में स्त्री और बाल रोग विशेषज्ञों सहित सभी चिकित्सकों और नर्सों के पदों को भरा जाए। महिलाओं के लिए अल्ट्रा साउंड की सुविधा को बहाल किया जाए। इसको लेकर अस्पताल में रेडियालॉजिस्ट की नियुक्ति की जाए। इसके अतिरिक्त अस्पताल में रोगियों के लिए जुटाई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार सिविल अस्पताल से जुड़ी समस्याओं को शीघ्र दूर नहीं करती है तो संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। बैठक में समिति की ददाहू इकाई की अध्यक्ष सुनीता शर्मा, कुब्जा देवी, सीता तोमर, अमिता चौहान, कृष्णा देवी, परीक्षा देवी, सीमा सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।