नशे के दुष्प्रभावों पर रैली से किया जागरूक
ददाहू (सिरमौर)। नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर ददाहू कॉलेज और नवदुर्गा आईटीआई बड़ौन के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को ददाहू बाजार में रैली निकाली। इसके माध्यम से युवाओं ने लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. दिनेश भारद्वाज ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कॉलेज परिसर से शुरू होकर ददाहू बाजार, गिरिपुल, बड़ौन गांव और रेणुका जी तीर्थ से होती हुई दोबारा ददाहू कॉलेज पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं के हाथों में तख्तियां और बैनर भी थे। इसमें नशे के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। कॉलेज के छात्र शुभम, छात्रा श्यामा, आईटीआई के छात्र सैहाब खान और मामराज शर्मा ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तृत जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. दिनेश भारद्वाज ने कहा कि नशे के बढ़ते प्रभाव के कारण कई अनमोल जिंदगियां बरबाद हो रही हैं। हमें अपने समाज को नशे से दूर रखकर अपना भविष्य सुरक्षित बनाना है। इस मौके पर प्राध्यापक नीलम अंगिरस, वेद प्रकश शर्मा, डॉ. अजय कुमार, नमित कपूर, सुरेंद्र शर्मा, आईटीआई के प्रभारी इंद्रप्रकाश गोयल सहित अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।