अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)। मेरा परिवार भाजपा परिवार कार्यक्रम को लेकर रेणुका विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के दस विस्तारकों का एक जत्था शिलाई पहुंचा। यह जत्था शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सौ मतदान केंद्रों पर जाकर जनता के बीच बैठकें करेंगे। शनिवार को शिलाई भाजपा मंडल कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान ने की। इसमें शिलाई मंडल भाजपा के उपाध्यक्ष महेंद्र नेगी, मोहन सिंह, सत्या देवी, शिलाई भाजपा मंडल विस्तारक प्रभारी जगत सिंह और कपिल देव के अलावा रेणुका विधानसभा क्षेत्र के विस्तारक रणवीर तोमर, प्रताप सिंह रावत, नरेंद्र पुंडीर, बलवीर सिंह, गुमान सिंह, सुरेंद्र पुंडीर, रोशनलाल शर्मा, हीरा सिंह नेगी, सुनील कुमार और आत्माराम मौजूद रहे। इस अवसर पर रेणुका विधानसभा क्षेत्र के पार्टी विस्तारक प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने बताया कि रेणुका से आए पार्टी के दस विस्तारक शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ का दौरा करेंगे। एक विस्तारक दस बूथों का दौरा करेगा। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं किसान सम्मान योजना, उज्ज्वला और अन्य योजनाओं से लाभान्वित परिवारों को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करवाएंगे।