अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। पुलिस और पुलिस से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। सेना की तर्ज पर अब नाहन में सिरमौर पुलिस ने भी कैंटीन सेवा शुरू कर दी है। सेंटरल पुलिस की सब्सिडाइज कैंटीन का सोमवार को पुलिस अधीक्षक अजय कृष्ण गर्ग ने रिबन काटकर शुभारंभ किया। खास यह है कि पहले ही दिन इस कैंटीन में करीब 50 हजार रुपये का कारोबार हुआ है। शाम तक करीब 45 हजार रुपये का सामान यहां से कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने खरीदा। कैंटीन में प्रत्येक उत्पाद बाजार की अपेक्षा 30 से 35 प्रतिशत कम दाम पर उपलब्ध होगा। हालांकि, शिमला, मंडी और धर्मशाला में पहले ही कैंटीन सेवा का शुभारंभ हो गया है। अब सिरमौर के नाहन में भी यह कैंटीन सुविधा पुलिस को मिल गई है। जबकि, चंबा और ऊना जिले में भी कैंटीन खोली जा रही है। सेंट्रल पुलिस फोर्सेज कैंटीन योजना के तहत सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन स्थित पुलिस लाइन में पुलिस कैंटीन के शुभारंभ अवसर पर कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने खरीदारी भी की। डीएसपी मुख्यालय बवीता राणा ने बताया कि इस कैंटीन में पुलिस कर्मियों को रियायती दरों पर सामान उपलब्ध होगा। छठी आईआरबीएन बटालियन कोलर के हजारों जवानों को भी कैंटीन का फायदा मिलेगा। डीएसपी ने बताया कि कैंटीन में 45 से 50 हजार रुपये तक का पहले दिन कारोबार हुआ है।