पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर बिजली बोर्ड पेंशनर वेलफेयर संघ पांवटा की बैठक में बोर्ड के विघटन की तैयारियों पर रोष प्रकट किया गया। इसमें पंजाब की तर्ज पर पेंशनरों को लाभ प्रदान करने की मांग उठाई गई। वीरवार को धौलाकुआं में बिजली बोर्ड पेंशनर वेलफेयर संघ पांवटा की बैठक प्रधान एससी गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। अध्यक्ष ने बिजली बोर्ड के विघटन की तैयारी पर रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पहले बोर्ड का विघटन हुआ था और अब करोड़ों की संपत्ति वाले बिजली बोर्ड को फिर से संचार निगम और एचपीपीसीएल को 66 केवी और उससे ऊपर की पावर लाइन तथा उपकरणों को देने की तैयारियां चल रही हैं। बैठक में महासचिव एमआर वर्मा, एमएस खंबा, गुरदीप सिंह, पीके सिंघल, एमसी बाली, पूर्ण चंद, राम लुभाया शर्मा समेत कई पेंशनरों ने इस फैसले का विरोध किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग उठाई है कि प्रदेश के पेंशनरों को पंजाब की तर्ज पर एक अप्रैल 2014 से 65, 70 व 75 वर्ष आयु के पेंशनरों को 5, 10 व 15 फीसदी बढ़ोतरी मूल पेंशन में प्रदान किया जाए। पेंशनरों ने कहा कि पेंशनर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री से काफी उम्मीदें लगाए हुए हैं।