महिमा पुस्तकालय में फर्श पर बैठकर पढ़ने को मजबूर
विद्यार्थियों ने डीसी को मांग पत्र सौंप कर मांगा समाधान
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। ऐतिहासिक महिमा पुस्तकालय नाहन में दिन-प्रतिदिन अध्ययन के लिए पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ रही है लेकिन इसके मुकाबले बैठने के लिए स्थान उपलब्ध नहीं हो रहा है। ऐसे में छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पढ़ना तो दूर की बात, बैठने तक को जगह नहीं मिल पाती है। हालत यह है कि कई छात्र फर्श पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। अपनी समस्याओं को लेकर बुधवार को पुस्तकालय के छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के नवनियुक्त पीटीए अध्यक्ष एवं भाजपा नेता प्रताप सिंह रावत की अगुवाई में सभी छात्र उपायुक्त सिरमौर से मिले और समस्या का समाधान मांगा। उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में प्रताप सिंह रावत और छात्रों ने कहा कि बैठने के लिए हाल की व्यवस्था की जाए, जिसमें 300 के करीब छात्रों के बैठने की क्षमता हो। साथ ही कहा कि पुस्तकालय में अध्ययन के लिए आने वाले छात्रों की संख्या 200-250 के बीच है। जबकि, पुस्तकालय में सिर्फ 96 छात्रों के बैठने की व्यवस्था है। बरसात के समय पुस्तकालय में पानी भी टपक रहा है। वाशरूम तक की सुविधा यहां पर नहीं है। छात्रों का यह भी कहना है कि सुबह आठ बजे के करीब छात्र पुस्तकालय पहुंच जाते हैं लेकिन दस बजे ताले खुलने के बाद ही एंट्री मिलती है। छात्रों को पहले सीट की व्यवस्था करना मुश्किल है। यदि सीट मिल भी जाए तो पढ़ने के लिए समय बहुत कम मिल पाता है। कई छात्र पुस्तकालय के बाहर पढ़ने के लिए मजबूर हैं। इस अवसर पर राकेश, नीरज, पुष्पा, अनीता, उर्मिला, संगीता, रेखा, संतोष, दिग्विजय, पंकज, रणदीप, नरेश, सुरेंद्र, रिंकू, सरिता, प्रिया, पिंकी, मोनिका, पूजा, कमल और राधा आदि छात्र पाठक उपस्थित रहे। उधर, उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने छात्रों को आश्वस्त किया कि जल्द इसका कोई समाधान निकाल लिया जाएगा।