नाहन (सिरमौर)। सिरमौर के पच्छाद इलाके में डेंगू का पहला मामला सामने आया है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। डेंगू का मामला संज्ञान में आते ही प्रभावित क्षेत्र घिन्नीघाड़ में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंच गईं, जहां स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। डेंगू की चपेट में आए युवक को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज से छुट्टी देकर घर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पच्छाद के घिन्नीघाड़ में डेंगू का यह पहला मामला सामने आया। बुखार की चपेट में आए 25 वर्षीय युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया गया। चिकित्सीय जांच के दौरान युवक में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। इसके बाद सिविल अस्पताल में मरीज को जरूरी दवाइयां देने के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि डेंगू से पीड़ित युवक सोलन के परवाणू में नौकरी करता है जो पिछले करीब एक सप्ताह से इस बीमारी की जकड़ में था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे सराहां अस्पताल में जांच के लिए भेजा। उधर, बीएमओ डॉ. संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मरीज की जांच के दौरान संदेह होने पर मरीज के टेस्ट करवाए गए, जिसमें डेंगू के लक्षण मिले। उन्होंने बताया कि मरीज परवाणू में कार्यरत है और पच्छाद के घिन्नीघाड़ क्षेत्र का निवासी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में एहतियातन तौर पर लोगों को डेंगू से बचाव की जानकारी दी गई है। विभाग की टीम मौके पर है। सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि मरीज को उपचार के बाद घर भेज दिया है। उन्होंने बताया कि बीएमओ पच्छाद के साथ उनकी टीम मौके पर भेजी गई है।