अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)। उपमंडल की बालीकोटी पंचायत से 13 मार्च को कांग्रेस लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेगी। बैठक में शिलाई निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। कांग्रेस की यह बैठक 13 मार्च को बालीकोटी गांव में होगी। इसकी अध्यक्षता शिलाई ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष सीताराम शर्मा करेंगे। जबकि, विधायक हर्षवर्धन चौहान और युकां अध्यक्ष मनीष ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर कांग्रेसी नेता कार्यकर्ताओं को टिप्स देंगे। सीताराम शर्मा ने शिलाई और कफोटा ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं युकां, सेवादल, महिला कांग्रेस, सोशल मीडिया सहित इंटक और कांग्रेस के तमाम प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से आह्वान किया है कि वे 10 बजे सुबह बालीकोटी पंचायत में होने वाली बैठक में पहुंचें। इस मौके पर मोदी सरकार की नाकामियों को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही कांग्रेस आगामी रणनीति बनाएगी। सीताराम शर्मा ने बताया कि बाली गांव को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गोद लिया है लेकिन, गोद लेने के बाद गांव के विकास पर बालीकोटी के लोगों को ठगा गया। यहां पर न जेपी नड्डा और न ही सांसद वीरेंद्र कश्यप ने ध्यान दिया है। आज भी गांव तमाम सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही सांसद वीरेंद्र कश्यप भी शिलाई की जनता को गिरिपार जनजातीय घोषित के नाम से गुमराह करते आए हैं। इसको लेकर भी चर्चा होगी। उन्होंने साफ कहा कि जो भी पदाधिकारी इस बैठक से नदारद रहेगा, उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।