अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अगर क्षेत्र का कोई परिवार बिजली सुविधा से वंचित है तो सौभाग्य रथ यात्रा में बिजली का कनेक्शन उपलब्ध हो सकता है। राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड की सौभाग्य योजना शुरू होने जा रही है। इसमें विद्युत मंडल पांवटा तथा शिलाई क्षेत्र में 30 और 31 जनवरी को सौभाग्य योजना रथ पहुंचेगा। वरिष्ठ अधिशासी अभियंता पांवटा एलआर ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड की सौभाग्य योजना शुुरू हो रही है। इसमें बिजली से वंचित घरों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाए जाएंगे। 30 जनवरी को सौभाग्य रथ पांवटा से रवाना होगा। बुधवार को विद्युत उपमंडल धौलाकुआं, सतौन और पुरुवाला तथा 31 जनवरी को विद्युत मंडल शिलाई के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बिजली से वंचित घरों का कनेक्शन लेने को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए पात्र परिवार पहले से तैयार कनेक्शन फाइल लेकर मौके पर पहुंचे या फिर नई फाइल की सभी औपचारिकताओं को मौके पर ही पूरा करवाने पर नया कनेक्शन मिल सकेगा। वरिष्ठ अधिशासी अभियंता ने कहा कि सौभाग्य योजना रथ का उद्देश्य ऐसे परिवारों को बिजली सुविधा से जोड़ना है, जो किसी कारणवश अब तक बिजली के कनेक्शन से वंचित रहे हैं।