धावक सुनील को किया सम्मानित
नाहन (सिरमौर)। सड़क सुरक्षा क्लब नाहन ने वीरवार को नाहन पहुंचे अंतरराष्ट्रीय धावक एवं सिरमौर निवासी सुनील शर्मा का जोरदार स्वागत किया। क्लब के प्रधान विशाल तोमर की अगुवाई में सभी सदस्यों ने उनको शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशाल तोमर ने अंतरराष्ट्रीय धावक सुनील शर्मा को प्रदेश सरकार से सरकारी नौकरी देने की भी मांग की। विशाल तोमर ने कहा कि धावक सुनील शर्मा देश और विदेश में प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं। वह सामाजिक सरोकार भी खूब निभा रहे हैं। वह कई किडनी रोगियों के लिए चैरिटी दौड़ आयोजित कर उनका इलाज करवा चुके हैं। ऐसे ही मकसद से वह कुछ समय पहले नाहन के चौगान मैदान में लगातार कई घंटे दौड़ थे। इस दौरान उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड तो अपने नाम किया ही, साथ ही किडनी रोगियों के लिए पैसा भी एकत्रित किया था। तोमर ने कहा कि हाल ही में एक रोगी का शिमला के आईजीएमसी में सफल ऑपरेशन भी हुआ है। उन्होंने कहा कि सुनील शर्मा की उपलब्धियों को देखते हुए सरकार को उन्हें सरकारी नौकरी देनी चाहिए। इस अवसर पर प्रदीप विज, धीरज गर्ग, संजय पुंडीर, असलम खान, अरुण भाटिया, पूजा तोमर, अनु शर्मा, रेणु, नीलम सैनी, सूरज सैनी, अशोक, राकेश, अरविंद, प्रवीण, अमन ठाकुर, तरुण कश्यप आदि मौजूद रहे।