नाहन (सिरमौर)। ग्राम पंचायत रामपुर-भारापुर में जोन स्तरीय ग्रामीण युवा खेल उत्सव के उपलक्ष्य पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में रजनीश पहलवान ने विजेंद्र सिंह को हराकर 5100 रुपये का पुरस्कार जीत लिया। जबकि, उपविजेता को 31सौ रुपये का नकद इनाम मिला। प्रतियोगिता के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता पहलवानों को पुरस्कार वितरित किए। उल्लेखनीय है कि माजरा जोन स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कबड्डी की 13 टीमों ने दमखम दिखाया, जबकि कुश्ती में लगभग साठ पहलवानों ने भाग लिया। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में कुश्ती प्राचीन खेलों में से एक है। जिसे लोकप्रिय बनाने के लिए राज्य सरकार विशेष कदम उठा रही है। कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों के आधारभूत ढांचे के सृजन पर प्रदेश सरकार प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह नशे की बुराई के उन्मूलन में अपना रचनात्मक सहयोग दें। कबड्डी प्रतियोगिता में सैनवाला ए ने धौलाकुआं सी को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। विजेता को 31 और उप विजेता को 21 सौ रुपये का पुरस्कार मिला। सभी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किटें भी वितरित की गईं। इससे पहले माजरा पंचायत के प्रधान विजेश गोयल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। जबकि, रामपुर भारापुर पंचायत के पूर्व प्रधान रत्न सिंह ने धन्यवाद किया । इस मौके पर ग्राम पंचायत कोलर के प्रधान अमर सिंह, प्रधान पंचायत हरिपुर खोल रीता देवी, बीडीसी पांवटा की पूर्व अध्यक्ष पुष्पा देवी, उप निदेशक शिक्षा उमेश बहुगुणा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय ठाकुर आदि भी उपस्थित थे।