कांग्रेसियों ने पच्चीस दिन के लिए तोड़ा अनशन
नारग कॉलेज में स्टाफ तैनात करने की कर रहे मांग
विधायक कश्यप पर जड़े वायदा खिलाफी के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। नारग में कॉलेज स्टाफ की तैनाती की मांग को लेकर चल रहा अनशन समाप्त हो गया है। स्वतंत्रता सेनानी हीरा सिंह ने अनशन पर बैठे कांग्रेस नेताओं को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। कॉलेज संघर्ष समिति नारग ने यह अनशन 25 दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा की। नारग में कॉलेज स्टाफ की तैनाती को लेकर क्षेत्र के कांग्रेसी अनशन पर थे। महिला कांग्रेसी भी अनशन पर बैठी थीं लेकिन, अचानक कांग्रेसियों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। कांग्रेसियों ने अनशन को बेशक 25 दिन के लिए स्थगित कर दिया है लेकिन इसी के साथ कांग्रेसियों एवं विधायक में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। पच्छाद कांग्रेस के प्रवक्ता इंद्रपाल ठाकुर ने क्षेत्र के विधायक सुरेश कश्यप पर आरोप लगाया कि उनके बुलावे पर वह उनसे मिलने के लिए गए थे। इस मुलाकात के दौरान विधायक ने पार्टी के एमएल पंवार और जिला परिषद सदस्य पूनम पंवार को अनशन स्थल पर आकर अनशन तुड़वाने का वायदा किया था लेकिन, बाद में अचानक वह वायदाखिलाफी करते हुए अपनी बात से पलट गए। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अनशन स्थल पर स्वतंत्रता सेनानी हीरा सिंह मौजूद थे। ऐसे में उनकी उपस्थिति में भी विधायक का वहां न आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विधायक ने उनका अपमान किया है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनशन बेशक स्थगित कर दिया है लेकिन यदि नारग और फटी पटेल कॉलेजों में स्टाफ की नियुक्ति नहीं की गई तो वे दोबारा आंदोलन शुरू कर देंगे। उधर, विधायक सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विधायक ने कहा कि उन्होंने किसी कांग्रेस नेता को नहीं बुलाया था और न ही किसी से अनशन तुड़वाने का वायदा किया था।