कार्तिकेय नासा भ्रमण के लिए चयनित
नाहन (सिरमौर)। कैरियर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन के जमा दो के छात्र कार्तिकेय ठाकुर को सात दिवसीय नासा भ्रमण के लिए चयनित किया गया है। इस भ्रमण का खर्चा एचआरडी मिनिस्ट्री वहन करेगी। कार्तिकेय ने स्पेस ओलंपियाड 2018 में तृतीय स्थान हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से पांच सौ विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया था। उधर, कार्तिकेय के पिता करण सिंह राठौर ने होनहार बेटे की सफलता का श्रेय स्कूल प्रबंधन और अध्यापकों को दिया है। उन्होंने बताया कि कार्तिकेय का डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने विशेष तौर पर उसे सरकाघाट से कैरियर अकादमी भेजा। संस्थान के निदेशक मनोज राठी और ललित राठी ने छात्र की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उसके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य विजय चौहान और चेयरमैन एसएस राठी ने भी छात्र की इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा स्कूल के सभी छात्र कार्तिकेय की सफलता से प्रेरणा लें।